Sunday, 22 June 2014

इसी सिद्धांत पर..




हे प्रभु  !

आप नदी को बनाते हो 
मीलों बहाते हो ,

उसे यहाँ से वहां, वहां से 
यहाँ घुमाते  हो ,

एक दिन नदी को समुद्र से 
मिलाते हो। 

समुद्र के जल से भाप बनाकर  
बादल बनाते हो ,
बादलों से वर्षा कराते  हो ,

वर्षा के पानी से 

एक नयी नदी बनाते हो, 
उसे फिर से मीलों -
बहाते हो ,

कदाचित इसी 

सिद्धांत पर आप
पूरी सृष्टि को चलाते हो. 

हे प्रभु ! हे प्रभु !!



Thursday, 19 June 2014

आपकी मुक्त हंसी तो ...



हे प्रभु !

इंन्द्रधनुषी तितली को 
देखा तो विचार आया , इसे  
आपने कैसे बनाया ?

इतनी सुन्दर ,
इतनी मोहक,

आपकी किसी 
स्मित मुस्कान ने तो नहीं ले लिया 
तितली का रूप ,

यदि यह सत्य  है 
तो, आपकी मुक्त हंसी तो 
मंत्रमुघ्ध करती होगी।

हे प्रभु ! हे प्रभु !!

Sunday, 15 June 2014

परम पिता...

हे प्रभु !

आप शाश्वत हैं , कालजयी हैं, अनंत हैं 
इसलिए भ्रम  होता है कि 
आपकी सृष्टि दुरूह है ,अनबूझ है 
ऐसा केवल भ्रम होता है . 

जबकि आप सरस हो 
नदी की बहती जलधारा के समान ,

आप सरल हो जैसे 
एक नवजात बच्चे की मुस्कान।  

आप हो सनातन ,जीवन के रचयिता हो -
हमें  प्राण देने वाले परमेश्वर हो,परम पिता  हो।  

हे प्रभु ! हे प्रभु !!

Friday, 13 June 2014

अबोध बालक...

हे प्रभु !

आपकी लीला का मूक दर्शक 
बन कर खड़ा हूँ 
एक अबोध बालक के समान ,

जिज्ञासा से भरा हुआ 
मात्र घटनाओं का साक्षी बन ,

मात्र अनुमानों की नदी में 
गोता लगाता 
मात्र ये सोचता कि 

इसका अर्थ यह है 
उसका अर्थ वह है 

हे प्रभु ! हे प्रभु !!

Monday, 9 June 2014

तो घर जाऊं ..

हे प्रभु !

आपसे मैं क्या छुपाऊँ -
क्या छुपाऊँ, क्या बताऊँ 

क्या करूँ, क्या ना करूँ ,
कैसे अब, मैं समझाऊं ,

आपसे अब क्या छुपा है 
मुख अपना कैसे दिखाऊं ,

सर्वज्ञानी आप हो अब -
करो क्षमा,तो घर जाऊं 

हे प्रभु ! हे प्रभु !!

प्रार्थना ...

हे प्रभु !

जगत का कल्याण कर
निर्बलों में  प्राण भर 
जगत  का कल्याण कर।  

कर सदा सहयोग सबका 
मार्ग सबका कर प्रशस्त 
आप सबका सूर्य बनना 
जब हो हमारा सूर्य अस्त ,

ऊँगली पकड़ना, यदि गिरें 
हो जाएँ यदि हम निढाल 
दौड़ कर आकर प्रभु जी -
आप हमको लेना सँभाल ,

बिन सहारे आपके हम ,
जा ना  पाएंगे उस पार,
करो कृपा अब ओ प्रभु 
शीश झुकाता है  संसार।  

हे प्रभु !

जगत का कल्याण कर
निर्बलों में  प्राण भर 
जगत  का कल्याण कर। 

हे प्रभु ! हे प्रभु !!


Friday, 6 June 2014

कदाचित ...

हे प्रभु !

पक्षी आकाश में दिन भर उड़ता है 
नीचे आ जाता है ,

आराम करता है फिर  उड़ जाता है 
आकाश की ओर ,

बार बार क्यों उड़ता है वो
ऊपर की ओर ?,

जबकि ऊपर न दाना है 
न पानी है ,

कदाचित 
उसे यह ज्ञात तो नहीं ? 

कि ऊपर ही है सबको 
दाना-पानी देने वाला 

 हे प्रभु ! हे प्रभु !!